देहरादून। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल एवं एसजीआरआर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज गर्ग को एसोसिएशन ऑफ ब्रेस्ट सर्जन्स ऑफ इंडिया (ABSI) का निदेशक (शिक्षा), उत्तर क्षेत्र (कार्यकाल 2026–2028) निर्वाचित किया गया है।
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय दायित्व स्तन कैंसर सर्जरी, चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण और शोध के क्षेत्र में डॉ. गर्ग के उल्लेखनीय योगदान का प्रमाण है। अपने कार्यकाल के दौरान वे उत्तर भारत में शैक्षणिक कार्यक्रमों, प्रशिक्षण गतिविधियों, अकादमिक सहयोग तथा प्रमाण-आधारित स्तन कैंसर उपचार को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने डॉ. पंकज गर्ग को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे एसजीआरआर परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. गर्ग के नेतृत्व से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मंचों पर संस्थान की प्रतिष्ठा और अधिक सुदृढ़ होगी।
उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर महिलाओं में होने वाला सबसे सामान्य कैंसर है। उत्तराखंड में इसके प्रति जागरूकता, समय पर जांच, शीघ्र निदान और गुणवत्तापूर्ण उपचार की आवश्यकता है। डॉ. गर्ग की नई शैक्षणिक भूमिका से प्रदेश में स्तन कैंसर जागरूकता, चिकित्सकीय प्रशिक्षण और बेहतर रोगी देखभाल को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर डॉ. पंकज गर्ग ने श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज के आशीर्वाद, मार्गदर्शन एवं निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे एसोसिएशन में अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करते हुए शिक्षा, शोध, प्रशिक्षण और जन-जागरूकता के माध्यम से एसजीआरआर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
