देहरादून।कहते हैं जब बाढ़ ही खेत को खा जाए तो कहना क्या। कुछ ऐसा ही हाल सरकारी विभाग में तैनात जिम्मेदार अधिकारियों का भी है। शनिवार को पछवादून में चले ऊर्जा निगम टीम के चेकिग अभियान में कुछ ऐसे ही जिम्मेदार अधिकारी बिजली चोरी करते मिले। राज्य विद्युत वितरण खंड के उच्चाधिकारियों के निर्देशन में चल रहे चेकिंग अभियान के दौरान ऊर्जा निगम टीम ने डाकपत्थर स्थित सरकारी आवासीय कालोनी में तीन नलकूप चोरी की बिजली से संचालित होता पाया। टीम का नेतृत्व कर रहे उपखंड अधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि अवस्थापना खंड लोवर लखवाड़ कालोनी डाकपत्थर में लंबे समय से बिना कनेक्शन के तीनों नलकूप संचालित किए जा रहे थे। इस नलकूप से सरकारी आवासीय कालोनी में निवास कर रहे सैकड़ों परिवारों को पेयजल आपूर्ति की जा रही है। तीनों नलकूप की आधुनिक उपकरण के जरिये मीटर रीडिग ली गई, जिसमें इसमें करीब डेढ़ सौ किलोवाट की बिजली चोरी मिली। टीम ने संबंधित विभाग पर अनुमानित एक करोड़ से अधिक की बिजली चोरी का जुर्माना ठोका।
उपखंड अधिकारी ने कहा कि इससे पूर्व मार्च 2020 में ऊर्जा निगम की ओर से अधिशासी अभियंता अवस्थापना खंड डापकत्थर को पत्र प्रेषित कर नलकूप संचालन को बिजली कनेक्शन लेने को कहा गया था। इसके बाद मई 2021 में दोबारा से विभाग को इस बावत पत्र लिखा गया पर कोई सुनवाई नहीं हुई। लंबे समय से नलकूप संचालन में बिजली चोरी की जा रही है। टीम ने बिजली चोरी में प्रयुक्त केबल का पुलिदा और चेकिग रिपोर्ट सीलबंद कर थाना पुलिस में अवस्थापना खंड लोवर लखवाड़ कालोनी डाकपत्थर के अधिशासी अभियंता अनिल वर्मा के विरुद्व नामजद मुकदमा दर्ज कराया। इसके अलावा टीम ने राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरानी यमुना कालोनी डाकपत्थर में बिजली चोरी का दूसरा मामला पकड़ा। अस्पताल के प्रभारी डीएस रावत के विरुद्ध थाना पुलिस में बिजली चोरी का नामजद मुकदमा दर्ज कराया। टीम में अवर अभियंता भूपाल सिंह, अवर अभियंता केशर सिंह चौहान, अवर अभियंता मीटर देवेंद्र कुमार व लाइन स्टाफ मौजूद रहे।
पछवादून के डाकपत्थर क्षेत्र में बिजली चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। ऊर्जा निगम की टीम ने चेकिग अभियान में करीब एक करोड़ रुपये की बिजली चोरी पकड़ी। इसमें डाकपत्थर स्थित सरकारी आवासीय कालोनी में पेयजल आपूर्ति को तीन नलकूप चोरी की बिजली से संचालित होते मिले, वहीं राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी बिजली चोरी पकड़ी गई। ऊर्जा निगम अधिकारियों का दावा है राज्य में अब तक की सबसे बड़ी बिजली चोरी डाकपत्थर में पकड़ी गई है। टीम ने संबंधित अधिशासी अभियंता और प्रभारी पीएचसी के विरुद्व थाना पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है।


